हरारे - शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों की जोरदार पारियों के बाद लेफ्ट आर्म स्पिनर अक्षर पटेल और ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह के स्पिनर जाल में फंसकर जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों ने घुटने टेक दिए। इस तरह भारत ने शुक्रवार को मेजबान टीम से पहला ट््वेंटी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच 54 रन से जीतकर दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। भारत ने पांच विकेट पर 178 रन का मजबूत स्कोर बनाने के बाद जिम्बाब्वे को सात विकेट पर 124 रन पर थाम दिया।
पटेल ने चार ओवर की बेहतरीन गेंदबाजी में मात्र 17 रन देकर तीन विकेट झटक लिए, जबकि हरभजन ने चार ओवर में 29 रन देकर दो विकेट लिए। भारत ने इस दौर में इस तरह लगातार चौथी जीत हासिल की। कप्तान एवं ओपनर अजिंक्या रहाणे ने 33, मुरली विजय ने 34, विकेटकीपर राबिन उथप्पा ने नाबाद 39, मनीष पांडे ने 19 और स्टुअर्ट बिन्नी ने 11 रन ठोंके। जिम्बाब्वे के गेंदबाजों ने दिशाविहीन गेंदबाजी करते हुए 13 वाइड सहित कुल अतिरिक्त 25 रन दे डाले।
रहाणे ने 32 गेंदों में दो चौके, विजय ने 19 गेंदों में पांच चौके और एक छक्का, उथप्पा ने 35 गेंदों में दो चौके, मनीष ने 19 गेंदों में एक चौका और एक छक्का तथा बिन्नी ने छह गेंदों में एक छक्का लगाया। केदार जाधव ने सात गेंदों में नौ रन और हरभजन सिंह ने तीन गेंदों में नाबाद आठ रन बनाए। केदार जाधव और भज्जी दोनों ने एक-एक चौका लगाया।