मुंबई - भूमि अधिग्रहण विधेयक पर सरकार का रुख नरम पडऩे से रियलिटी और बैंकिंग समूहों में हुई बिकवाली से तथा मजबूत वैश्विक रुख के बीच अन्य समूहों में लिवाली के कारण शुक्रवार को शेयर बाजार मामूली सुधार के साथ तीन महीने के नए उच्चतम स्तर पर रहे। बीएसई का सेंसेक्स पिछले सत्र के मुकाबले 17.19 अंक यानी 0.06 प्रतिशत चढक़र 16 अप्रैल के बाद के उच्चतम स्तर 28463.31 अंक पर और एनएसई का निफ्टी 1.80 अंक यानी 0.02 प्रतिशत चढक़र 8609.85 अंक पर रहा।
बीएसई के 13 समूहों में से हाउसिंग से संबद्ध रियलिटी और बैंकिंग समूहों में सर्वाधिक क्रमश: 0.50 प्रतिशत तथा 0.38 प्रतिशत की गिरावट रही। इसके अलावा पीएसयू में 0.24 फीसदी तथा तेल एवं गैस में 0.01 फीसदी की गिरावट रही। वहीं, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूह में सर्वाधिक 1.92 प्रतिशत की तेजी रही। टेक में 0.99 प्रतिशत तथा ऊर्जा में 0.96 फीसदी की बढ़त रही। सेंसेक्स की 30 में से 19 कंपनियों के शेयर तेजी पर बंद हुए।