हरारे - जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन अंतरराष्ट्रीय एकदिवसीय मैचों की सीरीज के पहले दो मुकाबलों में जीत हासिल कर अजेय बढ़त हासिल कर चुकी टीम इंडिया मंगलवार को अंतिम वनडे में भी मेजबान टीम को हराकर 3-0 से क्लीन स्वीप के मजबूत इरादे से उतरेगी। जिम्बाब्वे दौरे में युवा कप्तान अजिंक्या रहाणे की अगवाई में युवा खिलाडिय़ों से सजी और लगभग एकदम नई भारतीय टीम ने पहला वनडे संघर्षपूर्ण तरीके से चार रनों से जीतने के बाद दूसरा वनडे भी 62 रनों से अपने नाम कर सीरीज पर कब्जा जमा लिया।
अब टीम का लक्ष्य अंतिम बचे मैच में भी फतह हासिल कर मेजबान जिम्बाब्वे की टीम का सूपड़ा साफ करना होगा। भारत की यह जीत रैंकिंग के लिहाज से भी काफी महत्त्वपूर्ण रहेगी। टीम इंडिया को आईसीसी वनडे रैंकिंग में अपना दूसरा स्थान बरकरार रखने के लिए सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप करना ही होगा। अभी तक भारत 115 अंकों के साथ रैंकिंग में दूसरे स्थान पर है तो वहीं 11वीं रैंकिंग वाले जिम्बाब्वे के 44 अंक हैं। दोनों टीमों के बीच 71 अंकों का फासला है।