लंदन - विश्व के नंबर एक खिलाड़ी सर्बिया के नोवाक जोकोविच ने एक बार फिर ग्रैंड स्लेम किंग स्विटजरलैंड के रोजर फेडरर का सपना तोड़ दिया और रविवार को 7-6(1) , 6-7(10), 6-4, 6-3 की शानदार जीत के साथ विंबलडन टेनिस चैंपियनशिप का अपना खिताब बरकरार रखा। शीर्ष वरीय जोकोविच ने दूसरी सीड और 17 बार के ग्रैंड स्लेम विजेता फेडरर की चुनौती पर दो घंटे 56 मिनट में काबू पा लिया और तीसरी बार विंबलडन का खिताब अपने नाम कर लिया।
जोकोविच का ओवरऑल यह नौवां ग्रैंड स्लेम खिताब है। शुरुआत में दोनों खिलाडय़िों में जम कर मुकाबला हुआ। पहला सेट जोकोविच ने अपने नाम किया। दूसरे सेट में फेडरर ने जोकोविच की कड़ी परीक्षा ली। गेम 6-6 के बाद टाइब्रेकर में चली गयी जहां फेडरर ने जीत हासिल की। इसके बाद अगले दोनों सेट जोकोविच ने आसानी से अपने नाम कर खिताब पर कब्ज़ा जमाया।