मुबंई - फिल्ममेकर एसएस राजमौली की फिल्म ‘बाहुबली’को देश और दुनिया में पसंद किया जा रहा है। फिल्म को भारत में अब तक की सबसे बड़ी ओपनिंग मिली है। फिल्म ने बाक्स आफिस पर रिकार्ड तोड़ दिए हैं। फिल्म का बजट डेढ़ सौ करोड़ रुपए से ज्यादा का बताया गया था। दूसरे हिस्से को भी मिलाया जाए तो ये बजट 250 करोड़ रुपए से ज्यादा का है। जहां तक सवाल फिल्म के बाक्स आफिस कलेक्शन का है तो फिल्म ने पहले दिन 60 से 70 करोड़ रुपए का बिजनेस किया था।
दूसरे ही दिन फिल्म सौ करोड़ के क्लब का हिस्सा बन गई। ‘बाहुबली’ को देश की सबसे बड़ी फिल्म के तौर पर प्रमोट किया गया था। यूएस के साथ ही कुछ और इंटरनेशनल मार्केट में फिल्म के पेड प्रीमियर भी रखे गए थे। वर्ल्ड वाइड बाक्स आफिस कलेक्शन की बात की जाए, तो फिल्म ने रिलीज के दूसरे दिन 135 करोड़ रुपए का बिजनेस किया। ग्लोबल मार्केट की बात की जाए तो फिल्म का नेट कलेक्शन 112 करोड़ रुपए था। फिल्म ने पुराने रिकार्ड तोड़ दिए हैं।
न सिर्फ तेलुगु सिनेमा, बल्कि बालीवुड फिल्मों के रिकार्ड भी तोड़ दिए हैं। फिल्म व्यापार विशेषज्ञ त्रिनाथ ने बताया कि फिल्म ने भारत में पहले दिन 50 करोड़ रुपए का बिजनेस किया था। ओवरसीज में फिल्म ने 16 करोड़ रुपए का बिजनेस किया। इस लिहाज से वैसे भी कोई शक नहीं था कि फिल्म दूसरे दिन ही सौ करोड़ के क्लब में शामिल हो जाएगी।