नई दिल्ली - विदेशी बाजारों में पीली धातु में जारी गिरावट पर ब्रेक लगने से गुरुवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 200 रुपए चमककर 26370 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। चांदी 1050 रुपए की छलांग लगाकर 35500 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। अंतरराष्ट्रीय कारोबार में चार महीने के निचले स्तर 1146.75 डालर प्रति औंस तक लुढक़ने के बाद गुरुवार को सोना हाजिर 0.6 प्रतिशत की बढ़त लेकर 1164.30 डालर प्रति औंस पर पहुंच गया।
इसी तरह अमरीकी सोना वायदा भी मामूली तेजी के साथ 1163.40 डॉलर प्रति औंस रहा। इस दौरान चांदी हाजिर दो प्रतिशत की छलांग लगाकर 15.43 डालर प्रति औंस पर पहुंच गई। विदेशी बाजारों में लौटी तेजी से घरेलू बाजार में लगातार दो सत्रों में 400 रुपए तक टूट चुके सोना स्टैंडर्ड ने वापसी की। सोने की तेजी से गिन्नी भी चमकी और 100 रुपए बढक़र 23100 रुपए प्रति आठ ग्राम पर पहुंच गई। चांदी में बढ़त का असर सिक्का लिवाली और बिकवाली पर नहीं पड़ा और यह पिछले कारोबारी दिवस के क्रमश: 53 हजार रुपए और 54 हजार रुपए प्रति सैकड़ा के स्तर पर स्थिर रहे। कारोबारियों ने बताया कि वैश्विक बाजार में लगातार जारी उठापटक के दबाव में रही दोनों कीमती धातुओं में तेजी लौटी।