नई दिल्ली - दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तथा उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बुधवार को समाचार चैनल आज तक के दिवंगत पत्रकार अक्षय सिंह के परिजनों से मयूर विहार स्थित उनके आवास पर मुलाकात की और उनकी बहन को सरकारी नौकरी की पेशकश की। मध्य प्रदेश व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) घोटाले की रिपोर्टिग के लिए गए अक्षय की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई थी। दिवंगत पत्रकार के परिजनों की ओर सहायता का हाथ बढाते हुए केजरीवाल ने अक्षय की बहन पाक्षी सिंह को सरकारी नौकरी का प्रस्ताव दिया। दोनों नेताओं ने पत्रकार की मौत पर संवेदना जताई और उनके परिजनों को हर संभव मदद का वादा किया।
सिसोदिया ने कहा, दुख की इस घडी में हम दिवंगत पत्रकार अक्षय सिंह के परिजनों के साथ हैं। हमने उनके परिजनों को वित्तीय मदद का भी प्रस्ताव दिया है। पाक्षी सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए आईएएनएस से कहा, मुख्यमंत्री ने मुझे सरकारी नौकरी तथा वित्तीय मदद का प्रस्ताव दिया है।