कार्डिफ - क्रिकेट इतिहास के सबसे कड़े मुकाबले यानी एशेज सीरीज के लिए इंग्लैंड और आस्ट्रेलिया की टीमें पूरी तरह तैयार हो चुकी हैं, जिसका पहला मुकाबला कार्डिफ में बुधवार से खेला जाएगा। एशेज की पिछली जंग आस्ट्रेलिया ने 5-0 से अपने नाम की थी, जब उसने अपनी जमीन पर बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मिशेल जानसन के खतरनाक प्रदर्शन से इंग्लिश टीम को धूल चटा दी थी।
हालांकि इससे पहले इंग्लैंड ने लगातार तीन बार एशेज सीरीज अपने नाम की थी। इंग्लैंड ने 2009 की सीरीज 2-1 से , 2010-11 की सीरीज 3-1 से और 2013 की सीरीज 3-0 से जीती थी। आस्ट्रेलिया ने जब 2013 में इंग्लैंड का पिछला दौरा किया था तो इंग्लिश टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन कर एशेज जीतने की हैट्रिक पूरी की थी। दोनों टीमें नए मुकाबले के लिए कमर कस चुकी हैं। आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में आस्ट्रेलिया इस समय 111 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है, जबकि इंग्लैंड 97 अंकों के साथ छठे स्थान पर है।
दोनों टीमों के बीच रैंकिंग में बेशक चार स्थान का फासला है, लेकिन जब घरेलू सीरीज की बात आती है तो इंग्लैंड को हरा पाना आस्ट्रेलिया के लिए आसान काम नहीं होगा। आस्ट्रेलिया ने अपनी पिछली सीरीज में वेस्टइंडीज को उसी की जमीन पर 2-0 से हराया था, जबकि इंग्लैंड ने अपनी मेजबानी में न्यूजीलैंड के साथ 1-1 का ड्रा खेला था। टेस्ट क्रिकेट के लिहाज से आस्ट्रेलियाई टीम इस समय इंग्लैंड के मुकाबले बेहतर फार्म में है।