नई दिल्ली - बालीवुड के स्टार अभिनेता शाहिद कपूर मंगलवार को राजधानी दिल्ली में मीरा राजपूत संग परिणय सूत्र में बंध गए। सूत्रों ने बताया कि शाहिद (35) और मीरा (21) अपनी इस शादी को सादा रखना चाहते थे। विवाह समारोह में सिर्फ जोड़े के परिजनों और कुछ करीबी दोस्तों को आमंत्रित किया गया था। इस शादी में दूर-दराज के लोगों और बालीवुड जगत के सितारों को दूर ही रखा गया था। शाहिद के पिता पंकज कपूर, उनकी पत्नी सुप्रिया पाठक, बेटे रूहान रविवार को ही दिल्ली पहुंच चुके थे। इस शादी में शाहिद-मीरा का परिवार, दोनों परिवार के करीबी दोस्त और धार्मिक समुदाय राधा-स्वामी सत्संग से जुड़े कुछ लोग शामिल हुए। 12 तारीख को मुंबई में रिसेप्शन पार्टी रखी जाएगी, जहां फिल्मी सितारों को और नामचीन हस्तियों को आमंत्रित किया जाएगा।