वेंकूवर - अमरीका की टीम ने स्ट्राइकर कार्ली लॉयड की शानदार हैट्रिक की बदौलत जापान को 5-2 से रौंदते हुए महिला फुटबाल विश्वकप पर कब्जा जमा लिया। अमरीका ने मैच की शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाते हुए जापान पर दबाव बनाए रखा और 16वें मिनट तक 4-0 की बढ़त हासिल कर मैच को अपने पक्ष में कर लिया। लॉयड ने मैच के तीसरे, पांचवें और 16वें मिनट में गोल की हैट्रिक लगाई तो वहीं लारेन हालीडे ने 14वें मिनट में एक गोल दागा। फाइनल मुकाबले में पिछडऩे के बाद जापानी खिलाडिय़ों ने भी हमले तेज किए। टीम की तरफ से यूकी ओजिमी ने 27वें तथा जूली जान्स्टन ने 52वें मिनट में गोल स्कोर कर वापसी की कोशिश की लेकिन कामयाबी नहीं मिली। इसके दो मिनट बाद ही 54वें मिनट में अमरीका की टॉबिन हीथ ने टीम की तरफ से पांचवां गोल कर खिताब पर अंतिम मुहर लगा दी।