मुबंई - बालीवुड के जानेमाने अभिनेता शाहिद कपूर और नवोदित अभिनेत्री आलिया भट्ट की जोड़ी सुपरहिट गीत ईना मीना डीका पर थिरकती नजर आ सकती है। बालीवुड के जानेमाने निर्देशक विकास बहल इन दिनों शाहिद कपूर और आलिया भट्ट को लेकर फिल्म ‘शानदार’ बना रहे हैं। शानदार में शाहिद और आलिया पर सुपरहिट गीत इना मीना डीका गाने का रीमिक्स फिल्माया जाएगा। बताया जाता है कि इस गाने की शूटिंग हो चुकी है।
वर्ष 1957 में प्रदर्शित फिल्म ‘आशा’ में किशोर कुमार और आशा भोंसले ने ईना मीना डीका गाने में अपनी आवाज दी थी। इसके रीमिक्स वर्जन को मिकी मैक्लेरी ने बनाया है, जिन्होंने रणबीर कपूर और अनुष्का शर्मा की ‘बांबे वेलवेट’ में भी कुछ गाने कंपोज किए थे। बताया जाता है कि फिल्म शानदार की कहानी शादी पर आधारित है। शाहिद-आलिया पहली बार एक साथ काम कर रहे हैं। यह फिल्म इस वर्ष 22 अक्तूबर को प्रदर्शित हो सकती है।