नई दिल्ली - बेल्जियम में खेले जा रहे वर्ल्ड हाकी लीग सेमीफाइनल्स टूर्नामेंट के रोमांचक मैच में भारत ने इटली को शूट आउट में 5-4 से हराकार ओलंपिक में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को बरकरार रखा है। 60 मिनट तक 1-1 और फिर पेनल्टी शूटआउट में 4-4 की बराबरी के बाद भारत और इटली के बीच मैच का नतीजा सडेन डेथ के जरिए तय होना था। 2013 जूनियर वर्ल्ड कप में टूर्नामेंट की बेहतरीन खिलाड़ी रानी रामपाल ने ये अहम मौका भी हाथ से नहीं जाने दिया।
और फिर भारतीय गोलकीपर सविता ने इटली की खिलाड़ी को सडेन डेथ के दौरान नेट तक नहीं पहुंचने दिया। भारत को अब पांचवें और छठे स्थान के लिए मैच खेलना पड़ेगा, जिससे टीम के रियो का टिकट हासिल करने की उम्मीदें जगी हुई हैं। इत्तिफाकन रानी रामपाल ने ही मैच के तीसरे क्वार्टर में (33वें मिनट में) गोल कर स्कोर को बराबरी पर लाया था और फिर शूटआउट के दौरान भी उन्होंने दो गोल किए, जिसने इटली को हारने पर मजबूर कर भारत को बेहद अहम जीत दिला दी। पांचवें-छठे स्थान के लिए टीम की टक्कर बेल्जियम या जापान से होगी।