चंडीगढ़, 22 फरवरी (अभीतक न्यूज़) - पिछले शुक्रवार रिलीज हुई पंजाबी मूवी ‘सिंह वर्सेज कौर’ दर्शकों को काफी पसंद आई है और पहले दिन से ही सिनेमाघरों में धमाल मचा रही है। इसमें कोई शक नहीं कि सिनेमा प्रेमियों एवं दर्शकों ने इस फिल्म को अब तक की सबसे मनोरंजक पंजाबी मूवी का दर्जा दिया है। फिल्म की कामयाबी से खुश गायक-अभिनेता गिप्पी ग्रेवाल ने घोषणा की है कि वे दर्शकों का धन्यवाद करने के लिए इस सप्ताहांत किसी भी सिनेमाघर में अचानक से पहुंचेंगे।
गिप्पी ने बताया, ‘फिल्म को और मेरे अभिनय को पसंद करने के लिए यह मेरी तरफ से लोगों के लिए धन्यवाद है। मुझे सोशल नेटवर्किंग साइटों फेसबुक और ट्विटर पर प्रशंसकों का भरपूर प्यार मिला है और अब मेरी बारी है दर्शकों का आभार जताने की। मुझे यकीन है कि यह औचक दौरा दर्शकों के प्रति मेरा प्यार और आभार जताने में मुझे सहयोग करेगा।’
पंजाब भर के सिनेमाघरों में फुल शो एवं टिकटों के लिए लोगों की लम्बी कतारें इसकी लोकप्रियता का प्रमाण हैं। अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म के रूप में विश्लेषक पहले से ही इसे परख चुके हैं। पंजाब में 80 एवं हरियाणा, दिल्ली एवं हिमाचल प्रदेश में 35 से ज्यादा प्रिंट के साथ रिलीज हुई पंजाबी मूवी ‘सिंह वर्सेज कौर’ उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, पुणे और मुंबई जैसे राज्यों में भी काफी धमाल मचा रही है, जबकि इन राज्यों में अब तक किसी भी पंजाबी मूवी ने अपना प्रभाव नहीं छोड़ा है।