मुबंई - बालीवुड एक्टर ऋषि कपूर अकसर अपने विवादित ट्वीट की वजह से सुर्खियां बटोरते हैं। एक बार फिर वे चर्चाओं में हैं। वजह बना उनका हालिया ट्वीट, जिसमें उन्होंने यह कहा कि वे अपनी को-स्टार को पहचान नहीं पाए। ऋषि ने फिल्म दामिनी में उनकी को-स्टार रहीं एक्ट्रेस मीनाक्षी शेषाद्रि के साथ फोटो पोस्ट की जो कि कई सालों से बालीवुड से दूर हैं।
ऋषि ने अपने तीसरे ट्वीट में फैंस को मीनाक्षी के बारे में भी कई जानकारी दी, साथ ही उनका प्रोमोशन भी किया। पिछले दिनों चर्चा थी कि घायल रिटर्न्स में मीनाक्षी शेषाद्रि नजर आएंगी, लेकिन उन्होंने इस बात का खंडन कर दिया था। 51 साल की हो चुकीं मीनाक्षी ने सालों पहले राजकुमार संतोषी की फिल्म ‘घायल’ में अपने उम्दा अभिनय से सभी का दिल जीत लिया था। एक जमाने में मीनाक्षी का नाम फिल्ममेकर राजकुमार संतोषी के साथ जोड़ा गया।
बताया जाता है कि राजकुमार संतोषी की ज्यादातर फिल्मों में मीनाक्षी शेषाद्रि होती थीं। इसके पीछे का राज तब लोगों के सामने खुला जब संतोषी ने मीनाक्षी के सामने इश्क का इजहार किया, लेकिन मीनाक्षी ने उनके इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया और 1995 में शादी करके अमरीका में सेटल हो गईं। इसके बाद वो कभी सिल्वर स्क्रीन पर नहीं दिखाई दीं।