मुंबई - भारतीय टीम में वापसी करने में सफल बल्लेबाज रोबिन उथप्पा ने कहा है कि उन्हें नहीं पता कि उन्हें कौन से क्रम पर बल्लेबाजी करने के लिए कहा जाएगा, लेकिन उन्हें यदि पारी की शुरूआत करने का मौका दिया जाता है तो स्वाभाविक खेल खेलने में मदद मिलेगी। उथप्पा का नौ वर्षों का करिअर काफी उतार-चढाव वाला रहा है और इस बीच उन्हें कई बार राष्ट्रीय टीम में शामिल किया गया और बाहर निकाला गया। उथप्पा को एक बार फिर अस्थायी तौर पर नव नियुक्त कप्तान अजिंक्य रहाणे के अधीन राष्ट्रीय टीम में जगह दी गई है।
वनडे और टी20 टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और टेस्ट टीम के कप्तान विराट कोहली को आराम देते हुए रहाणे को जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम की कमान सौंपी गई है। भारत 10 जुलाई से शुरू हो रही सीरीज में जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन वनडे और दो टी20 मैच खेलेगा। पुजारा ने कहा कि पारी की शुरूआत करना मेरे लिए काफी सहज रहता है, क्योंकि घरेलू क्रिकेट में मैं इसी क्रम पर खेलता रहा हूं। मुझे नहीं पता कि आगामी सीरीज में मुझे किस क्रम पर बल्लेबाजी के लिए बुलाया जाएगा। अगर मुझे ऊपरी क्रम पर बल्लेबाजी का मौका दिया जाता है तो मैं अपना स्वाभाविक खेल ज्यादा सहजता से खेल पाऊंगा। मैं राष्ट्रीय टीम में खेलने के मिले मौके से बेहद खुश हूं तथा इस मौके का पूरा-पूरा फायदा उठाना चाहूंगा। मुझे दिए गए इस अवसर के प्रति मैं बेहद कृतज्ञ हूं। मैं इसी दिन के लिए सारी मेहनत कर रहा था और पिछले कुछ समय से इंतजार कर रहा था। मैं इसे मिले बेहतरीन अवसर की तरह ले रहा हूं और अपना पूरा देने की कोशिश करूंगा। उम्मीद है सारी चीजें योजना के अनुसार होंगी।