ढ़ाका - बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू सीरीज में मिली पराजय के बाद टीम इंडिया का मजाक उड़ाते हुए वहां के एक अखबार ने भारतीय खिलाडिय़ों के आधे मुंडे सिर वाली तस्वीरें प्रकाशित की हैं। बांग्लादेश की ‘प्रथम आलो’ नामक अखबार ने अपनी साप्ताहिक पत्रिका ‘रोशन आलो बोरे’ के कवर पेज पर एक तस्वीर प्रकाशित की है जिसमें बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को हाथ में कटर के साथ दिखाया गया है। तस्वीर में मुस्ताफिजुर के आगे भारत के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी, विराट कोहली, रोहित शर्मा, शिखर धवन, रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा और अजिंक्या रहाणे को आधे मुंडे सिर के साथ दिखाया गया है।
अखबार में प्रकाशित तस्वीर के साथ ही लिखा गया है, ढाका के मीरपुर स्टेडियम की टाइगर स्टेशनरी। यहां मुस्ताफिजुर कटर उपलब्ध हैं। हम सब ने इसको प्रयोग किया है, अब आप भी कर सकते हैं। इसके अलावा बांग्लादेश के टीवी चैनलों और सडक़ों पर लगे पोस्टरों से भी ‘मौका मौका’ की तर्ज पर टीम इंडिया का मजाक उड़ाया जा रहा है। भारत ने इसी महीने बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज को 1-2 से गंवा दिया था। टीम इंडिया की बांग्लादेश के खिलाफ यह पहली सीरीज की हार है। इसके बाद से ही भारतीय टीम की करकरी मची हुई है। तीन मैचों के दौरान नवोदित गेंदबाज मुस्ताफिजुर ने कुल 13 विकेट झटक टीम इंडिया को बैकफुट पर रखा।
फोटोशॉप की मदद से बनाई गई यह तस्वीर 29 जून को अखबार में छापी गई है। हालांकि इस विज्ञापन से फायदा कुछ नहीं हुआ, उलटा कुछ स्थानीय प्रशंसक जरूर भडक़ गए। प्रशंसकों ने इस विज्ञापन की खूब आलोचना की है और विज्ञापन को बांग्लादेश की संस्कृति के खिलाफ बताया है। बांग्लादेश के कुछ प्रशंसकों ने तो इस बांग्ला भाषा के अखबार से सवाल किया है कि क्या आप ऐसा ही तब भी करेंगे जब हमारी टीम हारेगी।