दिल्ली - हरभजन सिंह ने वनडे क्रिकेट में करीब चार साल के बाद वापसी की है। उन्होंने अपना आखिरी वनडे 11 जून 2011 में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला था। इसके अलावा टी-20 में हरभजन ने अपना आखिरी मैच 28 सितंबर 2012 को आस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। भज्जी ने वनडे क्रिकेट में 229 मैच खेलकर 259 विकेट लिए हैं। जबकि टी-20 में उन्होंने 25 मैच खेलकर 22 विकेट लिए हैं। भज्जी (259 विकेट) भारतीय वनडे क्रिकेट इतिहास में अनिल कुंबले (337 विकेट) के बाद दूसरे सबसे सफल स्पिनर हैं, जबकि वह वनडे क्रिकेट में चौथे सबसे सफल भारतीय गेंदबाज भी हैं।
उनके पास 229 वनडे मैचों का विशाल अनुभव मौजूद है, लेकिन अब उनको कुछ ऐसे स्पिनरों से मुकाबला करना है, जो उनके अनुभव के आगे कहीं नहीं टिकते। जिंबाब्वे दौरे के लिए टीम में भज्जी के अलावा अक्षर पटेल और कर्ण शर्मा के रूप में दो और स्पिनर शामिल किए गए हैं और भज्जी को इनसे बेहतर साबित होकर दिखाना होगा, ताकि आगे वहवनडे टीम में दोबारा शामिल होकर रविचंद्रन अश्विन को टक्कर दे सकें जो इस समय वनडे टीम के मुख्य ऑफ स्पिनर बने हुए हैं।