नई दिल्ली - बीसीसीआई ने जिम्बाब्वे दौरे के लिए अजिंक्या रहाणे को टीम इंडिया की कप्तानी सौंपी है। वहीं, महेंद्र सिंह धोनी, विराट कोहली, सुरेश रैना, आर अश्विन, रोहित, शिखर धवन और उमेश यादव जैसे सीनियर खिलाडिय़ों को अगले महीने जुलाई में होने वाले दौरे के लिए आराम दिया गया है। इसके अलावा सीमित प्रारूप में चार साल बाद अनुभवी ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह की राष्ट्रीय टीम में वापसी हुई है, जबकि रॉबिन उथप्पा को भी जिम्बाब्वे दौरे के लिए टीम में वापसी का मौका मिला है। भारतीय टीम 10 जुलाई से शुरू होने वाले जिम्बाब्वे दौरे में तीन वनडे और ट्वेंटी-20 मैचों की सीरीज खेलेगी।
हालांकि प्रसारण विवाद के चलते यह दौरा पहले रद्द होने की अटकलें लगाई जा रही थी। उधर, टेस्ट के बाद वनडे में वापसी को तैयार अनुभवी ऑफ स्पिनर हरभजन ने आखिरी बार 11 जून 2011 में नार्थ साउंड में वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत की ओर से वनडे खेला था। जिम्बाब्वे सीरीज में रवींद्र जडेजा को बाहर रखा गया है, लेकिन उमेश को भारत-ए टीम में जगह मिली है। हालांकि इस सीरीज में 15 सदस्यीय टीम में कोई विशेषज्ञ विकेटकीपर को शामिल नहीं किया गया है, लेकिन उथप्पा, केदार जाधव और अंबाती रायुडू के रूप में विकेटकीपर बल्लेबाज का विकल्प मौजूद है।
बांग्लादेश दौरे पर गई टीम इंडिया के जिन खिलाडिय़ों को आगामी दौरे में आराम मिला है, उनकी जगह मुरली विजय, मनोज तिवारी, केदार, रॉबिन उथप्पा, मनीष पांडे, हरभजन और संदीप शर्मा को जगह दी गई है। वहीं, इस दौरान मुख्य चयनकर्ता संदीप पाटिल ने कहा कि धोनी के इस्तीफे को लेकर कोई बात नहीं हुई है। हमारी टीम में कोई भी विवाद नहीं है जैसा कि मीडिया में दिखाया जा रहा है। इसलिए रहाणे को इस दौरे के लिए कप्तानी दिए जाने का आप कोई और मतलब न निकालें।