एंटवर्प - एशियाई हाकी के चिर प्रतिद्वंद्वी भारत और पाकिस्तान के बीच एफआईएच हाकी वर्ल्ड लीग सेमीफाइनल्स में शुक्रवार को विस्फोटक मुकाबला होने की पूरी संभावना है। भारत ने पाकिस्तान को इंचियोन एशियाई खेलों से फाइनल में पेनल्टी शूटआउट में पराजित कर रियो ओलंपिक के लिए क्वालिफाई किया था। भारत वर्ल्ड लीग सेमीफाइनल्स में शानदार शुरुआत करते हुए अपने पहले दो मुकाबले जीत चुका है।
भारत ने पूल-ए के अपने पहले मुकाबले में फ्रांस को 3-2 से और फिर पोलैंड से 3-0 से शिकस्त दी थी। पाकिस्तान ने अपना पहला मुकाबला पोलैंड से 2-1 से जीता था, लेकिन उसे दूसरे मैच में विश्व चैंपियन आस्ट्रेलिया से 1-6 की करारी हार का सामना करना पड़ा था। भारतीय कप्तान सरदार सिंह पोलैंड के खिलाफ 3-0 से मिली जीत के बावजूद संतुष्ट नहीं है और उनका मानना है कि टीम को और गोल करने चाहिए। भारत और पाकिस्तान का आखिरी बार गत वर्ष दिसंबर में भुवनेश्वर में चैंपियस ट्रॉफी के दौरान मुकाबला हुआ था और भारतीय टीम इस बार चिर प्रतिद्वंद्वी से हिसाब किताब बराबर करना चाहेगी।