मीरपुर - रविवार को ढाका में बांग्लादेश ने मैदान पर टीम इंडिया को तो बुरी तरह पीटा ही, मैदान के बाहर भी टीम का सबसे बड़ा फैन हमले का शिकार हुआ। भारत-बांग्लादेश मैच के बाद ढाका में टीम इंडिया के मशहूर फैन सुधीर गौतम पत्थर के हमले में बाल-बाल बचे। सुधीर गौतम ने दो पुलिसवालों की मदद से किसी तरह अपनी जान बचाई। रिटायरमेंट से पहले सचिन तेंदुलकर का हर मैच देखने वाले सुधीर के मुताबिक जब मैच खत्म हुआ तो बांग्लादेशी फैन बांस लेकर जश्न मना रहे थे और जैसे ही उन्होंने मुझे देखा तो वो मेरे पीछे पड़ गए।
इसके बाद दो पुलिसवालों ने मुझे ऑटो में बिठाया, लेकिन जब वह ऑटो में बैठने जा रहे थे तभी भीड़ ने उन पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। हमले के बाद सुधीर ने कहा कि मैंने अपनी जिंदगी में इस तरह की स्थिति का सामना कभी नहीं किया। जब मैं एक ऑटो में बैठने वाला था कि तभी भीड़ ने मुझ पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। भीड़ ने ऑटो के पर्दे भी फाड़ दिए। भीड़ में लोग चिल्ला रहे थे कि हमने मेलबोर्न के मैदान पर विश्वकप क्वार्टरफाइनल में मिली हार का बदला ले लिया है और अब हम मैदान के बाहर भी अपना बदला लेंगे। डरे-सहमे सुधीर को उम्मीद है कि क्रिकेट एडवाइजरी कमेटी और क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर भारतीय क्रिकेट को इस तरह की चीजों से दूर रखेंगे।