मीरपुर - बंगलादेश के 19 वर्षीय गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान ने अपने करियर के पहले ही दो वनडे मैचों में 11 विकेट अपने नाम करने के साथ एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में यह कारनामा करने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बनने की उपलब्धि दर्ज कर ली है। बांग्लादेश को दो बार की चैंपियन भारत के खिलाफ पहली ऐतिहासिक वनडे सीरीज जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले मुस्ताफिजुर ने तीन मैचों की सीरीज के पहले मैच में भारत के 50 रन पर पांच विकेट और दूसरे मैच में 8.45 के औसत से 43 रन पर छह विकेट निकाले। वह दोनों मैचों में मैन आफ दि मैच घोषित किए गए।
लगातार दूसरे मैच में मैन आफ द मैच बने मुस्ताफिजुर ने कहा कि मैं बहुत बहुत खुश हूं। मेरे टीम साथियों ने मुझे अच्छा प्रदर्शन करने में बहुत मदद की। मैं स्टेडियम आए दर्शकों का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं जो बारिश के बावजूद यहां हमारे समर्थन के लिए बैठे रहे। मैं अब तीसरे वनडे में और अच्छा प्रदर्शन करना चाहता हूं। बांग्लादेश की अंडर 19 टीम के खिलाड़ी रहे मुस्ताफिजुर का भारत के खिलाफ दूसरे मैच में 43 रन पर छह विकेट का प्रदर्शन भी बंगलादेश के किसी गेंदबाज का वनडे में तीसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।