नई दिल्ली - टेलीकॉम सहित विभिन्न क्षेत्रों में कारोबार करने वाली जापान की दिग्गज कंपनी सॉफ्टबैंक कारपोरेशन, एयरटेल ब्रांड नाम से दूरसंचार सेवाएं देने वाली घरेलू कंपनी भारती एंटरप्राइजेज तथा इलेक्ट्रिक क्षेत्र की ताइवान की कंपनी फॉक्सकॉन भारत के सौर ऊर्जा क्षेत्र में अगले 10 साल में 20 अरब डालर का निवेश करेगी। इसके लिए तीनों कंपनियों ने संयुक्त उपक्रम एसबीजी क्लीनटेक बनाने का करार किया है। इसमें सबसे बड़ा निवेश सॉफ्ट बैंक का होगा।
सॉफ्ट बैंक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मासायोशी सन ने कहा कि 20 गीगावाट सौर ऊर्जा का उत्पादन करने के लिए अगले दस साल में 20 अरब डालर का निवेश किया जाएगा। पिछले साल हमने भारत में प्रतिवर्ष एक अरब डालर का निवेश करने की प्रतिबद्धता जताई थी, लेकिन नौ महीने में एक अरब डालर का निवेश किया है और अगले 10 वर्ष में हम 10 अरब डालर का निवेश करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। यह 10 अरब डालर का निवेश एसबीजी क्लीनटेक के निवेश से अलग होगा।