मीरपुर - वर्ल्ड कप सेमीफाइनलिस्ट टीम इंडिया को बांग्लादेश के खिलाफ पहले वनडे में 79 रन से शर्मनाक हार झेलनी पड़ी। गुरुवार को खेले गए मुकाबले में मेजबान बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 308 रन का टारगेट रखा। इसके जवाब में बांग्लादेश के मुशतफिजुर रहमान (पांच विकेट) की कहर बरपाती गेंदों के सामने भारतीय टीम टिक नहीं पाई और 46 ओवर में 228 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत की ओर से रोहित शर्मा (63) और सुरेश रैना (40) ने ही संघर्ष किया।
इससे पहले तमीम इकबाल (60), सौम्य सरकार (54) और शाकिब-अल-हसन (52) के शानदार अर्द्धशतकों की बदौलत बांग्लादेश ने भारत के खिलाफ पहले वनडे में गुरुवार को 307 रन का रिकार्ड स्कोर बनाया था। बांग्लादेश के वनडे इतिहास में यह पहला मौका है, जब उसने भारत के खिलाफ 300 रन का आंकड़ा छुआ है। इससे पहले बांग्लादेश का भारत के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ स्कोर 296 रन था, जो उसने जनवरी 2010 में ढाका में बनाया था।
बांग्लादेश के इस रिकार्ड स्कोर का श्रेय जाता है, उसके दोनों ओपनरों तमीम और सरकार को जिन्होंने पहले विकेट के लिए 13.4 ओवर में 102 रन की तूफानी साझेदारी की। तमीम ने 62 गेंदों पर 60 रन में सात चौके और एक छक्का, सरकार ने 40 गेंदों पर 54 रन में आठ चौके और एक छक्का तथा शाकिब ने 68 गेंदों पर 52 रन में तीन चौके लगाए। शब्बीर रहमान ने 44 गेंदों में 41 रन, नासिर हुसैन ने 27 गेंदों में 34 रन और कप्तान मशरफे मुर्तजा ने 18 गेंदों में 21 रन का योगदान दिया।