मुबंई - खबर है कि आमिर खान ने बांद्रा में अपने पुराने फ्लैट में चार लड़कियों को रखा है और पूरा दिन उन्हीं के साथ बिता रहे हैं। ये लड़कियां आमिर की अगली फिल्म दंगल के लिए चुनी गई एक्ट्रेसेस हैं। खबर थी कि मुंबई की फातिमा शेख और दिल्ली की ट्रेंड बैले डांसर सान्या मल्होत्रा को इस फिल्म में आमिर की रेसलर बेटियों के रोल के लिए साइन किया गया था।
अब खबर है कि इन दो लड़कियों के बचपन के रोल करने के लिए दो छोटी बच्चियों को साइन किया गया है। इनमें से एक कश्मीर की जायरा वसीम हैं और दूसरी दिल्ली की सुहानी भटनागर हैं। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनने जा रही दंगल हरियाणा के पहलवान महावीर फोगट पर आधारित है जिन्होंने अपनी बेटियों को कड़ी ट्रेनिंग देकर उन्हें विश्व चैंपियन बना दिया। उनकी बेटी गीता फोगट पहली ऐसी भारतीय महिला रेसलर थी जिन्होंने 2010 में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मैडल जीता था।
गीता की बहन बबीता कुमारी ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया था। खबर है कि इन दोनों के किरदारों के लिए साइन की गई चारों लड़कियां आमिर के पुराने फ्लैट में साथ रह रही हैं। सूत्रों की मानें तो चारों सुबह साथ ही रेसलिंग की ट्रेनिंग के लिए जाती हैं। फिल्म में उनके पिता का रोल कर रहे आमिर भी उनके साथ ट्रेनिंग पर जाते हैं। उसके बाद सभी फ्लैट पर वापस आकर आराम करते हैं और साथ में लंच करते हैं।