मीरपुर - महेंद्र सिंह धोनी का टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिए छह महीने से अधिक समय गुजर गए हैं, लेकिन उनके खेल में कोई बदलाव नहीं हुआ है। बुधवार को धोनी ने कहा कि वह पहले की तरह है, क्योंकि टीम के लिए महत्त्वपूर्ण जीतना है। वहीं, गुरुवार के मैच के बारे में धोनी ने कहा कि हर खिलाड़ी का कप्तानी करने का तरीका अलग होता है, लेकिन जरूरी है कि वनडे मैचों में टीम मेजबान बांग्लादेश के खिलाफ रणनीतियों पर कायम रहे।
विश्व कप के बाद धोनी करीब एक महीने के लंबे आराम के बाद गुरुवार से फिर मैदान पर वापसी कर रहे हैं और अपने नेतृत्व में नए चेहरों के साथ वनडे सीरीज के लिए उतरेंगे। मैच से पहले धोनी ने कहा कि मैं जानता हूं कि यह अच्छा सवाल है, लेकिन हम रणनीतियों पर कायम रहेंगे और बांग्लादेश की चुनौती का सामना करेंगे। टेस्ट कप्तान विराट कोहली की लंबे प्रारूप में लागू की गई रणनीतियों को वनडे में भी दोहराने के सवाल पर धोनी ने कहा कि हर व्यक्ति अलग होता है और उसका कप्तानी करने का तरीका भी अलग होता है।