ढाका - बांग्लादेश के खिलाफ एकमात्र टेस्ट के ड्रा रहने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम महेंद्र सिंह धोनी के नेतृत्व में तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए मंगलवार को ढाका पहुंच गई। वनडे कप्तान धोनी करीब एक महीने के आराम के बाद वापस मैदान पर लौट रहे हैं और टीम के अन्य खिलाडिय़ों के साथ ढाका पहुंचे जहां भारत मेजबान बांग्लादेश के साथ 18 जून से शुरू हो रही तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलेगा। वर्षा बाधिक ड्रा टेस्ट के बा टीम इंडिया की निगाहें वनडे सीरीज में शानदार जीत पर लगी हुई है।
टेस्ट कप्तान विराट कोहली के बाद अब एक बार फिर से सभी की निगाहें धोनी एंड कंपनी पर होंगी। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के अनुसार भारतीय टीम मंगलवार सुबह शाहजलाल हवाईअड्डे पहुंची। धोनी के अलावा सुरेश रैना, मुरली विजय, रवींद्र जडेजा , स्टुअर्ट बिन्नी, मोहित शर्मा ,अंबाती रायुडू,धवल कुलकर्णी, अक्षर पटेल भी शामिल थे। लंबे अर्से बाद यह पहली बार है जब भारतीय चयनकर्ताओं ने बांग्लादेश दौरे के लिए अपनी मजबूत टीम उतारी है। बांग्लादेश ने हाल ही में पाकिस्तान को अपनी घरेलू सीरीज में हराया था। बंगलादेश समाचार चैनल के अनुसार भारतीय टीम ने वनडे सीरीज की तैयारी के लिए सोमवार को भी अभ्यास किया था।
दोनों देशों के बीच तीन वनडे मैच 18, 21 और 24 जून को मीरपुर में शेर ए बंगला स्टेडियम में दिन-रात्रि होंगे तथा बारिश के मौसम को देखते हुए रिजर्व डे भी रखा गया है। टेस्ट से रिटायर हो चुके कप्तान धोनी एक महीने बाद मैदान पर वापसी कर रहे हैं, जबकि वनडे के लिए आठ खिलाड़ी टीम का हिस्सा बन रहे हैं। भारतीय टीम के मैनेजर विश्वरूप डे ने बताया कि टीम ने स्वदेश लौट रहे खिलाडिय़ों को विदाई दी। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम सोमवार रात बाहर गई और सभी ने टेस्ट में अच्छे प्रदर्शन का जश्न मनाया।
कुछ टेस्ट खिलाड़ी स्वदेश लौट रहे हैं और यह उन खिलाडिय़ों का टीम के साथ यहां आखिरी दिन था तो सभी खिलाड़ी इकठ्ठा हुए और एक साथ समय बिताया। भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ वर्ष 2014 में द्विपक्षीय सीरीज खेली थी जब टीम रैना के नेतृत्व में खेलने आई थी और 2-0 से सीरीज अपने नाम की थी। सीरीज का तीसरा मैच बारिश के कारण रद्द रहा था।