गुआम - भारतीय टीम कप्तान सुनील छेत्री के बेहतरीन 50वें अंतरराष्ट्रीय गोल के बावजूद वर्ष 2018 फीफा फुटबाल विश्वकप प्री क्वालिफायर मुकाबले में विश्व की 174वीं रैंकिंग की टीम गुआम से 1-2 से हार गई, जिसके बाद विश्वकप के लिए क्वालिफाई करने की उसकी उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। यहां के जीएफए नेशनल फुटबाल स्टेडियम में खेले गए ग्रुप डी के इस मुकाबले में भारत ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन मैच के 36 वें मिनट में मेजबान टीम की ओर से ब्रैंडन मैकडानल्ड ने शानदार गोल दागा और मैच में 1-0 से बढ़त बना ली।
गत सप्ताह ओमान से हारने के बाद 141वीं रैंक भारतीय टीम की यह लगातार दूसरी हार है। हालांकि इससे पहले दोनों टीमों के बीच हुई भिड़ंत में भारत ने 4-0 से जीत दर्ज की थी। मैच में हॉफ टाइम तक स्कोर 1-0 था और भारत स्कोर में बराबरी करना चाहता था, लेकिन विपक्षी टीम के खिलाड़ी ट्रैविस निकलॉ ने 62 वें मिनट में दूसरा गोल दाग दिया और स्कोर 2-0 कर दिया जिसके बाद गुआम का पलड़ा भारी नजर आने लगा। हालांकि शहनाज सिंह ने अपनी ओर से शानदार कोशिश की लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली।
भारतीय कप्तान छेत्री ने इंजरी टाइम में अपनी टीम का पहला गोल दागा और स्कोर 1-2 किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी जिसके बाद अंत तक गुआम ने अपनी बढ़त को कायम रख मैच जीत लिया। छेत्री ने इसी के साथ अपने 50 अंतरराष्ट्रीय गोल पूरे कर लिए, लेकिन यह उनकी निजी उपलब्धि रही और टीम को इसका कोई फायदा नहीं मिला। भारत और तुर्कमेनिस्तान के खिलाफ लगातार दो जीत दर्ज करने के बाद गुआम एएफसी राउंड-2 ग्रुप डी की अंकतालिका में शीर्ष पर आ गया है। गुआम की यह मात्र दूसरी विश्वकप क्वालिफाइंग जीत है। इससे पहले उन्होंने ग्रुप डी में तुर्कमेनिस्तान को 1-0 से हराया था।