नई दिल्ली - बांग्लादेश के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच के ड्रा रहने के बाद सोमवार को जारी ताजा टेस्ट रैंकिंग में भारतीय खिलाड़ी शिखर धवन, मुरली विजय, अजिंक्या रहाणे इस प्रारूप में अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग पर पहुंच गए हैं, जबकि दो वर्ष बाद टीम में वापसी करने वाले आफ स्पिनर हरभजन सिंह ने गेंदबाजी रैंकिंग में जबरदस्त छलांग लगाई हैं। 10 से 14 जून तक फातुल्ला में खेला गया एकमात्र टेस्ट मैच भले ही ड्रा रहा , लेकिन इसमें अपने अपने निजी प्रदर्शन की बदौलत खिलाडिय़ों ने रैंकिंग में सुधार किया है।
हालांकि भारत का कोई भी बल्लेबाज और गेंदबाज टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष 10 में शामिल नहीं है, लेकिन जबरदस्त 173 रन की शतकीय पारी खेलने वाले धवन ने 15 स्थान की छलांग लगाई है और अब वह 45वें नंबर पर पहुंच गए हैं। धवन के अब 519 रेटिंग अंक हैं, जो उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ टेस्ट रैंकिंग है। अन्य भारतीय बल्लेबाजों में विजय को भी रैंकिंग में तीन स्थानों का फायदा हुआ है और वह 23वें से अब 20वें स्थान पर पहुंच गए हैं। विजय (689) ने बांग्लादेश के खिलाफ 150 रनों की बेहतरीन पारी खेली थी। यह विजय की भी करियर की सर्वश्रेष्ठ टेस्ट रैंकिंग है।
इसके अलावा रहाणे को चार स्थान का फायदा हुआ है और वह टेस्ट में अपनी सर्वश्रेष्ठ 22वीं रैंकिंग पर पहुंच गए हैं। रहाणे (666) इस टेस्ट में शतक से मात्र दो रन से चूक गए थे, लेकिन उनकी 98 रन की पारी महत्त्वपूर्ण थी, लेकिन टेस्ट कप्तान विराट कोहली को रैंकिंग में एक स्थान का नुकसान उठाना पड़ा है और वह शीर्ष 10 से बाहर हो गए हैं, जिससे टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष 10 में भारत का कोई प्रतिनिधित्व नहीं बचा है। विराट अब 755 रेटिंग अंकों के साथ 11वें नंबर पर पहुंच गए हैं, लेकिन शीर्ष 100 में वह देश के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बने हुए हैं।
टेस्ट गेंदबाजों में भारतीय आफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को भी पहली पारी में अपने पांच विकेट के मजबूत प्रदर्शन का रैंकिंग में फायदा हुआ है और वह एक स्थान उठकर 12वें स्थान पर पहुंच गए हैं, लेकिन शीर्ष 10 में कोई भारतीय गेंदबाज नहीं है। अश्विन के 686 रेटिंग अंक हैं और वह टेस्ट में देश के श्रेष्ठ गेंदबाज भी हैं। अश्विन टेस्ट आलराउंडरों में तीसरे स्थान पर हैं, लेकिन गेंदबाजी रैंकिंग में जिस खिलाड़ी ने सबसे ऊंची छलांग लगाई है वह हरभजन हैं। दो वर्षों बाद टीम में वापसी कर रहे अनुभवी ऑफ स्पिनर टेस्ट शुरू होने से पहले शीर्ष 100 में भी नहीं थे, लेकिन तीन विकेट के अपने कमाल के प्रदर्शन की बदौलत ‘टर्बनेटर’ ने सीधे 33वें स्थान पर छलांग लगाई है।