नई दिल्ली - देश की सबसे ज्यादा मुनाफा कमाने वाली कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) दिसंबर तक फोर-जी सेवाओं के साथ चार हजार रुपए में फोर-जी स्मार्टफोन उपलब्ध करवाएगी। आरआईएल की शुक्रवार को 41वीं सालाना आम बैठक में कंपनी के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने कहा है कि कंपनी अगले 12 से 18 माह में दो लाख करोड़ रुपए से अधिक का निवेश करेगी। उन्होंने कहा कि रिलायंस जियो की 2015 के आखिर तक 29 राज्यों में फोर-जी सेवाएं शुरू हो जाएंगी।
इसके साथ ही कंपनी मार्च 2016 तक अपने सभी रिटेल पेट्रोल पंपों को दोबारा शुरू कर देगी। कंपनी का पेट्रोकेमिकल कारोबार अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। कड़ी चुनौतियों के बावजूद रिलायंस इंडस्ट्रीज ने 8.60 डालर प्रति बैरल का जीआरएम हासिल किया है। पेट्रोकेम कारोबार के कंपनी का वैल्यू एडिशन हो रहा है। आम बैठक में शेयरधारकों को संबोधित करते हुए मुकेश अंबानी ने कहा कि रिलायंस जियो के पास फिलहाल 2.50 लाख किमी की ऑप्टिक फाइबर लाइन है। इसको अगले तीन साल तक बढ़ाकर दोगुना करने की योजना है।
इस साल 80 फीसदी लोगों तक रिलायंस जियो की सेवाएं पहुंच जाएंगी। जियो से सरकार के डिजिटल इंडिया को बढावा मिलेगा। डिजिटल ब्रॉडबैंक कारोबार शुरू कर रहे हैं और रिलायंस जियो समेत दूसरे निवेश का मुनाफा वित्त वर्ष 2016-17 में मिलना शुरू होगा। रिलायंस जियो इंफोकॉम ने अप्रैल में आईओएस और एंड्रॉयड सेल फोन पर जियो चैट नाम से इंस्टेंट मैसेजिंग एप्लीकेशन लांच किया था। इसे वाट्स एप, वेचैट और हाइक को टक्कर देने वाला माना जा रहा है।