वाशिंगटन - टीबी के एक जानलेवा किस्म से जूझ रही एक भारतीय महिला की वजह से तीन अमरीकी राज्यों में स्वास्थ्य क्षेत्र में खलबली मच गई है। अधिकारी ऐसे सैकड़ों लोगों की तलाश में जुटे हैं, जिनसे महिला अपनी यात्रा के दौरान संपर्क में आई थी। महिला भारत से चार अप्रैल को शिकागो आई थी और इलिनोइस, टेनेसी और मिसूरी में अपने रिश्तेदार से मिलने कार से गई थी। मेरीलैंड के बेथेसडा में राष्ट्रीय स्वास्थ्य संस्थान (एनआईएच) के क्लीनिकल सेंटर में महिला का उपचार हो रहा है।
वह एक दुर्लभ किस्म की दवा प्रतिरोधी एक्सडीआर-टीबी से जूझ रही हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य संस्थान और बीमारी नियंत्रण एवं रोकथाम (सीडीसी) के मुताबिक अज्ञात महिला को एक अलग कमरे में रखा गया है जहां पर खतरनाक किस्म की श्वसन संक्रमण से ग्रस्त मरीजों को रखा जाता है। सीडीसी ने बुधवार को महिला की स्थिति को स्थिर बताया। इलिनोइस में स्वास्थ्य अधिकारी सीडीसी के साथ मिलकर ऐसे लोगों की तलाश का काम कर रहे हैं, जिनसे महिला का सीधा संपर्क हुआ था। स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा है कि लोगों को खतरे की आशंका कम है। टीबी फ्लू या खसरा की तरह संक्रामक नहीं होता, लेकिन लंबे समय तक लोग अभिभावक या रिश्तेदार के साथ संपर्क में रहते हैं तो उन्हें खतरा रहता है।