मुंबई - कारपोरेट आय में बढ़ोतरी के रुझान से दो से तीन तिमाहियों में देश के प्रमुख शेयर बाजार बीएसई का 30 शेयरों पर आधारिक सेंवदी सूचकांक सेंसेक्स 32500 अंक पर पहुंच सकता है। शोध सलाह देने वाली कंपनी मॉर्गन स्टैनले इंडिया कंपनी प्राइवेट लिमिटेड के प्रमुख (इक्विटी शोध) रिद्धम देसाई ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि आर्थिक विकास दर में सुधार और महंगाई में गिरावट का रूझान शेयर बाजार के लिए सकारात्मक संकेत है। चालू वित्त वर्ष में बाजार के लिए आय में 18 प्रतिशत की बढ़ोतरी की उम्मीद है।
कहा कि इस साल की शुरुआत से सेंसेक्स 3.4 प्रतिशत तक टूट चुका है, लेकिन आय में सुधार से बाजार में तेजी देखने को मिल सकती है और अगले 12 महीने में सेंसेक्स 32500 अंक पर पहुंच सकता है। उन्होंने कहा कि पूंजी बाजार अगले कुछ सप्ताह में गति पकड़ सकते हैं और अगले कुछ महीनों में इसमें और तेजी देखने को मिल सकती है। श्री देसाई ने कहा कि उद्योग, निजी क्षेत्र के बैंक और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स समूह के शेयरों को मॉर्गन स्टैनले ने सकारात्मक श्रेणी में रखा है लेकिन निवेशक सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में निवेश से दूरी बना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बाजार के प्रति घरेलू निवेशकों की निवेशधारणा में सुधार होने की उम्मीद है और उनका निवेश पिछले 10 साल के 50 अरब डालर के मुकाबले अगले दस वर्ष में बढक़र 300 अरब डालर पर पहुंच सकता है।