नई दिल्ली - प्रीमियम वर्ग की कार बनाने वाली प्रमुख कंपनी स्कोडा ऑटो इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने अपने रैपिड और सुपर्ब कारों की बिक्री बढ़ाने के लिए ईएमआई होलीडे ऑफर के तहत इन कारो को एक रूपए की ईएमआई पर बेचने की पेशकश की है। कंपनी ने जारी बयान में कहा है कि इस स्कीम के तहत इन कारों को खरीदने पर ग्राहकों को अगले छह महीने तक केवल एक-एक रूपये की ईएमआई देनी होगी।
किश्तों की कुल अवधि सात साल (84 महीने) है। इसमें ध्यान रखने वाली बात यह है कि ग्राहकों को शुरू में छह महीने तो एक रूपया ही देना होगा लेकिन बाकी किस्तों में कार की पूरी कीमत मय ब्याज वसूली जाएगी। इन कारों को खरीदने वालों के लिए ऋण उपलब्ध कराने की भी पेशकश की गई है और इसकी ब्याज दर 7.99 प्रतिशत है। कंपनी के अनुसार ग्राहक पांच साल तक की किश्त अवधि के विकल्प का भी चुनाव कर सकते हैं।
रैपिड खरीदने वालों को पहले के दो साल के अलावा दो वर्ष और (2+2 साल) की वारंटी और यात्रा के दौरान सडक़ पर मिलने वाले सहयोग की अवधि में भी दो वर्ष अधिक का ऑफर मिलेगा। इनके अलावा कंपनी स्पोर्टस यूटिलिटी वाहन (एसयूवी) येती के लिए सात प्रतिशत की ब्याज दर ऋण उपलब्ध करायेगी और किश्त की अवधि पांच साल तक होगी। कंपनी ने कहा कि यह ऑफर 30 जून तक के लिए है।