नई दिल्ली - भारत की सानिया मिर्जा और उनकी जोड़ीदार स्विट्जरलैंड की मार्टिना हिंगिस वर्ष के दूसरे ग्रैंड स्लैम फ्रेंच ओपन में निराशाजनक प्रदर्शन के कारण जोड़ी के रूप में अपना चोटी का स्थान गंवा बैठी है। हालांकि युगल रैंकिंग में सानिया अब भी नंबर एक बनी हुई हैं। फ्रेंच ओपन की समाप्ति के बाद सोमवार को जारी ताजा टेनिस रैंकिंग में सानिया का युगल में पहला और हिंगिस का दूसरा स्थान बरकरार है, लेकिन जोड़ी के रूप में सानिया और हिंगिस दूसरे स्थान पर खिसक गई हैं।
युगल रैंकिंग में रोहन बोपन्ना और लिएंडर पेस को तीन-तीन स्थान का फायदा हुआ है। बोपन्ना अब 18वें और पेस 24वें स्थान पर पहुंच गए हैं। अमरीका की बेथानी माटेक सैंड्स और चेक गणराज्य की लूसी सफारोवा ने शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। पुरुष एकल रैंकिंग में भारत के यूकी भांबरी एक स्थान गिरकर 157वें नंबर पर पहुंच गए हैं, जबकि सोमदेव देवर्मन चार स्थान गिरकर 173वें नंबर पर खिसक गए हैं।