मुंबई - युवा पीढ़ी में लोकप्रिय ‘मैगी इंस्टेंट नूडल्स’ के उत्पादन तथा बिक्री पर देश भर में प्रतिबंध लगाए जाने से इसको बनाने वाली कंपनी नेस्ले इंडिया के शेयरों में जहां गिरावट दर्ज की गई है, वहीं उसकी प्रतिद्वंद्धी कंपनियों को इसका सीधा लाभ हुआ है। शुक्रवार को बाजार में प्रतिद्वंद्धी कंपनियों के शेयर 1.33 प्रतिशत तक चढ़ गए। भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने नेस्ले इंडिया के उत्पाद मैगी नूडल्स के सभी नौ मंजूरी प्राप्त वेरिएंट के उत्पादन, प्रसंस्करण, आयात, वितरण एवं बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी थी।
विभिन्न राज्यों में इसके नमूनों की जांच में इनमें सीसे की मात्रा स्वीकार्य 2.5 पीपीएम (पाट्र्स पर मिलियन) से ज्यादा तथा मोनो सोडियम ग्लूटामेट की मौजूदगी पाए जाने के बाद इन पर प्रतिबंध लगाया गया है। इस प्रतिबंध के बाद बाजार में यिप्पी के नाम से इंस्टेंट नूडल्स बेचने वाली कंपनी आईटीसी, क्नोर के नाम से नूडल्स बेचने वाली कंपनी हिंदुस्तान यूनिलिवर (एचयूएल) तथा फूडल्स के नाम से इसका कारोबार करने वाली ग्लेक्सोस्मिथक्लिन कंज्यूमर हैल्थकेयर (जीएसके) के शेयरों में शुक्रवार को तेजी देखी गई।
हालांकि, इस दिन बीएसई का सेंसेक्स और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी दोनों लाल निशान में रहे, लेकिन इन कंपनियों के शेयरों में 1.33 फीसदी तक का उछाल आया। बीएसई में जीएसके के शेयर 1.06 प्रतिशत यानी 67 रुपए चढक़र 6391.15 रुपए पर, आईटीसी के शेयर 1.04 प्रतिशत यानी 3.15 रुपए बढक़र 304.80 रुपए तथा एचयूएल के शेयर 0.89 प्रतिशत अर्थात 7:30 रुपए उछलकर 829.85 रुपए पर पहुंच गए।