मुंबई - मुंबई की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने जॉन अब्राहम की फिल्म ‘मद्रास कैफे’ में काम कर चुकी एक्ट्रेस लीना पॉल और उनके लिव इन पार्टनर शेखर चंद्रशेखर को मंगलवार सुबह 10 करोड़ की ठगी के आरोप में गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद दोनों को अदालत में पेश किया गया जहां से अदालत ने उन्हें 4 जून तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया है। आरोप है कि दक्षिण भारतीय फिल्मों की अभिनेत्री लीना ने एक फर्जी इन्वेस्टमेंट कंपनी बनाकर रकम निवेश के बदले में कई गुना रकम वापस देने का लालच देकर तकरीबन 10 करोड़ की ठगी की।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक लीना और शेखर-दोनों डेढ़ साल से यह रैकेट चला रहे थे। मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने इनके पास से 137 महंगी विदेशी कलाई घडिय़ां, 7 महंगी कारें और कैश भी बरामद किया है। दोनों गोरेगांव के एक पॉश इलाके में महंगे किराए के घर में रह रहे थे। मूल रूप से केरल में पैदा हुई लीना ने साउथ में कई फिल्में की हैं। फिल्मों में काम करने से पहले लीना मॉडलिंग करती थीं, इसी दौरान उन्हें मलयालम फिल्मों के कई ऑफर मिले।