नई दिल्ली - बहुत जल्द सोने के सिक्कों की खरीद और बिक्री में एक बार फिर तेजी देखने को मिल सकती है, क्योंकि कमोडिटी एक्सचेंज एनसीडीईएक्स आने वाले छह माह में सोने के सिक्कों की ट्रेडिंग के लिए नया प्लेटफार्म तैयार कर रहा है। एक्सचेंज के इस कदम से जिन लोगों ने बैंकों से पहले सोने के सिक्के खरीद रखे हैं, उन्हें सिक्कों को फिर से बाजार भाव पर बेचने का मौका मिलेगा।
विशेषज्ञों के मुताबिक चूंकि बैंक सोने के सिक्कों की दोबारा खरीद नहीं करते हैं। इस लिहाज से देखा जाए तो एनसीडीईएक्स की इस नई पहल से सोने के सिक्कों का कारोबार बढ़ सकता है। एनसीडीईएक्स के प्रबंध निदेशक समीर शाह ने पिछले दिनों कहा था कि छह माह के अंदर सोने के सिक्कों की ट्रेडिंग शुरू कर दी जाएगी। इन सिक्कों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और लोग जब भी चाहेंगे कंपनी उन सिक्कों को वापस खरीद लेगी। देश में सोने के सिक्कों का वार्षिक कारोबार 25 हजार करोड़ रुपए का है।