सिडनी - विश्व की नंबर एक महिला खिलाड़ी और भारत की एकमात्र उम्मीद सायना नेहवाल आस्ट्रेलियन ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला एकल क्वार्टर फाइनल मुकाबले में शुक्रवार को चीनी खिलाड़ी के हाथों उलटफेर का शिकार हो गई। इसके साथ टूर्नामेंट में भारतीय चुनौती भी समाप्त हो गई।
गत चैंपियन सायना को पांचवीं सीड चीन की वांग शिशियान ने 42 मिनट तक चले मुकाबले में लगातार गेमों में 21-15, 21-13 से हराकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली। अन्य भारतीयों में दूसरे दौर के मुकाबलों में महिला युगल खिलाड़ी ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा की जोड़ी और पुरुष एकल में के श्रीकांत पहले ही हारकर बाहर हो चुके हैं, जिसके बाद एकमात्र उम्मीद सायना से ही लगी थी।
वहीं, एक रिपोर्ट्स के मुताबिक नेहवाल ने किसी रेस्तरां में खाना खाया और उन्हें संभवत: फूड प्वाइजनिंग की शिकायत हो गई, इसी के चलते उनका प्रदर्शन प्रभावित हुआ।