पेरिस - स्पेन के दिग्गज और दूसरी वरीय राफेल नडाल ने वर्ष के दूसरे ग्रैंड स्लेम फ्रेंच ओपन में मंगलवार को अपना अभियान आगे बढ़ाते हुए दूसरे दौर में जगह बनाई। नडाल ने फ्रांस के क्वेटीन हेल्स को 6-3, 6-3, 6-4 से मात दी। उधर, तीसरी वरीयता प्राप्त और खिताब के प्रबल दावेदार ब्रिटेन के एंडी मरे, सातवीं सीड स्पेन के डेविड फेरर और चौथी सीड चेक गणराज्य की पेत्रा क्वितोवा ने भी दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया है। फ्रेंच ओपन से पहले लगातार दस मैच जीत चुके मरे ने इस क्ले कोर्ट टूर्नामेंट में अपने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए अर्जेंटीना के फाकुंडो आरगुएलो को लगातार सेटों में 6-3, 6-3, 6-। से हराया।
मरे का दूसरे दौर में पुर्तगाल के जोआओ सौसा से मुकाबला होगा। पुरुष वर्ग के पहले दौर के अन्य मुकाबलों में सातवीं सीड फेरर ने स्लोवाकिया के लुकास लैको को 6-1,6-3,6-1 से और नौंवी सीड क्रोएशिया के मारिन सिलिच ने हालैंड के रोबिन हासे को 6-2,6-4,6-2 से हराया। महिला वर्ग में चौथी सीड और दो बार की विंबलडन चैंपियन चेक गणराज्य की पेत्रा क्वितोवा को न्यूजीलैंड की मारिना इराकोविच को 6-4,3-6,6-4 से हराने में कड़ा संघर्ष करना पड़ा।
इस महीने मैड्रिड ओपन में विश्व की नंबर एक सेरेना विलियम्स को हरा चुकी क्वितोवा ने दूसरा सेट गंवाने के झटके से उबरते हुए जीत हासिल की। पांचवी सीड डेनमार्क की कैरोलिन वोज्नियाकी ने इटली की कारिन नैप को 6-3, 6-0 से धो दिया, जबकि 18वीं सीड रूस की स्वेतलाना कुज्नेत्सोवा ने हालैंड की किकी बर्टेंस को कड़े संघर्ष में 6-।, 4-6, 6-2 से हराया।