नई दिल्ली - स्टार मिडफील्डर रितु रानी बेल्जियम के एंटवर्प में खेले जाने वाले एफआईएच हाकी वर्ल्ड लीग के सेमीफाइनल में भारतीय महिला हाकी टीम का नेतृत्व करेंगी। 20 जून से चार जुलाई तक चलने वाले टूर्नामेंट के लिए भारतीय टीम की घोषणा सोमवार को कर दी गई है। भारतीय टीम को ग्रुप-बी में विश्व की नंबर दो आस्ट्रेलिया ,न्यूजीलैंड ,पोलैंड और मेजबान बेल्जियम के साथ जगह दी गई है, जबकि ग्रुप-ए में नीदरलैंड, दक्षिण कोरिया, जापान, इटली और अजरबैजान रहेगीं।
13वीं रैंकिग पर काबिज भारतीय महिला टीम अपना पहला मुकाबला 20 जून को मेजबान बेल्जियम के खिलाफ खेलेगी। टीम के नए मुख्य कोच मैथियास आहरेंस की अगवाई में टीम का यह पहला मैच होगा। टीम के बारे में आहरेंस ने कहा कि पूरी टीम इस समय अच्छा खेल रही है और बेहतरीन प्रदर्शन कर रही है। हमने पिछले मैचों में हुई गलतियों को पहचाना है और उन्हें सुधारने की दिशा में कड़ी मेहनत कर रहे हैं। हमारे लिए सबसे अहम बात है कि टीम की सभी खिलाड़ी सीखने के लिए उत्सुक हैं और बहुत मेहनत कर रही हैं।
उन्होने कहा कि हमारा मुकाबला विश्व की शीर्ष टीमों से है, लेकिन हम दबाव में नहीं हैं। हमारा पूरा ध्यान अपनी रणनीति पर काम करने को लेकर है और सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने में हैं। मुझे विश्वास है कि हमें अच्छा मुकाबला देखने को मिलेगा। टूर्नामेंट में शिरकत कर रही 10 टीमों में टॉप-4 टीमों को दिसंबर में अर्जेटीना के रोसाएरो में होने वाले वर्ल्ड लीग के फाइनल में जाने का मौका मिलेगा। इसके अलावा शीर्ष तीन स्थान पर रहने वाली टीमें 2016 में होने वाले ओलंपिक में अपना स्थान सुरक्षित कर लेंगी। कप्तान रितु ने कहा कि टीम इस समय बेहतर खेल रही है।