नई दिल्ली - यात्रियों को लुभाने में लगी एयरलाइंस कंपनियां जहां एक तरफ आकर्षक ऑफर्स निकाल रही हैं, वहीं प्राइवेट एयरलाइन जेट एयरवेज ने अपने ग्राहकों को एजेंट के जरिए भी मनपसंद सीट बुक करने का विकल्प दे दिया है। इसकी घोषणा करते हुए जेट एयरवेज ने विज्ञप्ति जारी कर कहा कि ट्रेवल एजेंट यात्रा से 48 घंटे पहले तक यात्रियों के लिए सीटों का चयन कर सकते हैं।
जेट एयरवेज की यह प्रीपेड सुविधा अब तक केवल एयरलाइन की वेबसाइट के जरिए टिकट बुक करने पर ही मिलती थी। अब यह सुविधा एजेंट से टिकट बुक करने पर भी मिलेगी, हालांकि इसके लिए अतिरिक्त भुगतान करना होगा। एजेंट्स को यात्रा से पहले सीट का चयन करने पर डोमेस्टिक फ्लाइट्स के लिए प्रति यात्री 500 रूपए और अंतरर्राष्ट्रीय यात्रा के लिए प्रति यात्री 800 रूपए चुकाने होंगे।
जेट एयरवेज के चीफ कमर्शल ऑफिसर राज शिव कुमार ने बताया, "गेस्ट के फीडबैक के आधार पर पसंद की सीट का पहले चुनाव की व्यवस्था की गई है। इससे यात्रियों को आरामदेह केबिन का आनंद और सुविधा मिल सकती है। हमें पूरा भरोसा है कि हमारा यह ऑप्शन यात्रियों के बीच काफी लोकप्रिय होगा।"
जेट एयरवेज ने विज्ञप्ति में कहा, "यह सुविधा शुरूआत में बोइंग 737 एयरक्राफ्ट पर उपलब्ध होगी और इसे जल्द ही सारे नेटवर्क पर लागू कर दिया जाएगा।" मनपसंद सीट का चयन दिल्ली, मुंबई, बेंगलूरू, कोलकाता, चेन्नई और हैदराबाद के रूट पर उपलब्ध है। इसी तरह अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स के लिए यह विकल्प सिंगापुर, बैंगकॉक, कोलंबो, काठमांडु, ढाका, दोहा, शारजाहा, दम्माम, कुवैत, बहरैन, दुबई, मसकत, जद्दा, रियाद और अबू धाबी के रूट पर उपलब्ध है।