मुंबई - देश के सबसे अमीर उद्योगपति मुकेश अंबानी ने हाल में एक नयी कार खरीदी है। कार की रजिस्ट्रेशन फीस के तौर पर 1.6 करोड़ रुपये की रकम चुकाई गयी है। आठ करोड़ रुपये की यह बुलेट प्रूफ कार जर्मनी में बनी है। मुंबई आरटीओ के अनुसार, किसी कार के लिए यह अब तक का सबसे महंगा रजिस्ट्रेशन है। मुकेश अंबानी की यह नयी कार बीएमडब्ल्यू 7 सीरीज की है।
इसमें सुरक्षा से संबंधित आंतरिक और बाहरी तौर पर कई बदलाव किये गये हैं। मुकेश अंबानी की बीएमडब्ल्यू-7 सीरीज कार को सीधे विदेश से आयात किया गया है, क्योंकि सुरक्षा से सबंधित बदलाव करने की सुविधा फिलहाल देश में नहीं है। वैसे इस कार की मूल कीमत करीब 2 करोड़ रुपये है, लेकिन अतिरिक्त फीचर्स और बदलावों की कीमत और 300 फीसदी आयात शुल्क लगने की वजह से इसकी कीमत लगभग 8 करोड़ रुपये तक पहुंच गयी।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के मालिक मुकेश अंबानी की 8 करोड़ रुपये की कीमत वाली इस बीएमडब्लू-7 सीरीज कार पर पिछले हफ्ते मुंबई आरटीओ की ओर से 20 फीसदी रजिस्ट्रेशन शुल्क लिया गया है।