मंडी - फिल्म इंडस्ट्री के दबंग और करोड़ों दिलों में बसे सलमान खान अपनी बहन अर्पिता की रिसेप्शन में आ सकते हैं। छोटी काशी मंडी में 25 मई को होने वाली इस रिसेप्शन में सलमान खान ने भी आने ही इच्छा जताई है, हालांकि सलमान खान का मंडी पहुंचना मौसम और उनके व्यस्त कार्यक्रम पर निर्धारित करेगा। सलमान खान ने इस बारे में आयुष के परिजनों को भी अवगत करवा दिया है। वहीं दूसरी तरफ अर्पिता मां और अन्य लोगों का मंडी आने का कार्यक्रम पूरी तरह से तय हो गया है।
इसमें मुंबई सलमान की मां सलमा खान, भाई अरबाज, सोहेल खान, भाभी मलाइका अरोड़ा खान, बहन अलबिरा और जीजा अतुल अग्रिहोत्री भी मंडी आ रहे हैं। यह सभी लोग 24 मई को मंडी पहुंचेंगे। उधर, मुंबई से इतने सारे मेहमानों के आने का कार्यक्रम तय होने के बाद मंडी में रिसेप्शन की तैयारियों ने ओर जोर पकड़ लिया है। अब रिसेप्शपन की तैयारियों के साथ ही सलमान खान और परिवार के आने की तैयारियों भी शुरू हो गई है। सभी मेहमानों का पारंपरिक तरीके से स्वागत भी किया जाएगा।
पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित सुखराम के पौत्र आयुष की शादी पिछले वर्ष ही सलमान खान की बहन अर्पिता के साथ हुई है। उसके बाद अब पहली बार आयुष अर्पिता अपने घर आ रहे हैं। इसलिए आयुष के पिता हिमाचल प्रदेश सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री अनिल शर्मा ने 25 मई को मंडी जिमखाना क्लब में धाम का आयोजन रखा है। वहीं बताया जा रहा है कि सलमान खान को छोड़ कर सभी मेहमान 24 मई को मंडी पहुंच जाएंगे। सलमान खान का परिवार हवाई मार्ग चंडीगढ़ से आएगा। यहां से मंडी तक सडक़ जरिए मेहमान पहुंचेंगे, जबकि सलमान खान 25 मई को सीधे शूटिंग से मंडी आएंगे।
बताया जा रहा है कि सलमान हवाई मार्ग से भुतंर पहुचेंगे और वहां से सीधे रिसेप्शन में शिरकत करेंगे। जिमखाना क्लब में हो रहे अर्पिता-आयूष की शादी के रिसेप्शन समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री पं सुखराम की ओर से शादी की रिसेप्शन के लिए कार्ड बांटने शुरू कर दिए गए हैं। वहीं पर रिसेप्शन पार्टी को यादगार बनाने के लिए हिमाचली लोक गायकों को भी आमंत्रित किया जा रहा है। कुलदीप शर्मा नाटियों से रिसेप्शन में धमाल मचाएंगे।
वहीं ग्रामीण विकास मंत्री अनिल शर्मा के बड़े बेटे आश्रय शर्मा ने बताया कि सलमान खान ने भी रिसेप्शन में आने की इच्छा जताई है। हालांकि उनका कार्यक्रम सिर्फ 25 को सीधे रिसेप्शन में आने का है, लेकिन यह सब मौसम और शूटिंग पर निर्भर करेगा, जबकि अन्य सदस्य 24 मई को मंडी पहुंच जाएंगे। वहीं ग्रामीण विकास मंत्री अनिल शर्मा का कहना है कि रिसेप्शन की तेयारियों जोरों पर हैं और सभी का न्योता दिया गया है।