नई दिल्ली - रॉयल चैलेंजर्स बंगलूर के कप्तान भारतीय स्टार बल्लेबाज विराट कोहली अपनी प्रेमिका अनुष्का शर्मा से मिलने को लेकर तमाम विवादों में घिरे होने के बावजूद क्रिकेट प्रेमियों के लिए आईपीएल-8 के सबसे स्टाइलिश खिलाड़ी बने हुए हैं। मोबाइल मैसेजिंग प्लेटफार्म एप निंबज ने ‘पल्स ऑफ द नेशन’ के नाम से एक सर्वे कराया है, जिसमें पूरे देश भर से करीब 23 हजार प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
आईपीएल की सबसे सफल टीम और दो बार की चैंपियन चेन्नई सुपरकिंग्स भले ही लीग मैचों के बाद अंकतालिका में शीर्ष पर रही, लेकिन 37 प्रतिशत लोगों का मानना है कि इस बार का खिताब राजस्थान रॉयल्स के नाम होगा जो पहले संस्करण का विजेता रही थी। आरसीबी के कप्तान विराट इस सर्वे में सबसे स्टाइलिश खिलाड़ी के लिए 47 प्रतिशत लोगों की पहली पसंद हैं और क्रिकेट प्रेमी उनके आक्रामक खेल, शानदार हेयर स्टाइल और मैदान पर छा जाने की शैली के मुरीद हैं।
अब तक 14 मैचों में कुल 481 रन बनाने वाले विराट की टीम 16 अंकों के साथ प्लेऑफ में जगह बना चुकी है। हालांकि सबसे ज्यादा रन बनाने वाले क्रिकेटर के बारे में अजिंक्या रहाणे क्रिकेट प्रेमियों की पहली पसंद हैं और 42 प्रतिशत लोग उनके सिर ‘ऑरैंज कैप’ सजते देखना चाहते हैं। चेन्नई सुपरकिंग्स की ओर से खेलने वाले भारतीय स्टार गेंदबाज आशीष नेहरा और ड्वेन ब्रावो के बीच पर्पल कैप को लेकर कांटे की टक्कर है।