रोम - विश्व के नंबर एक खिलाड़ी सर्बिया के नोवाक जोकोविच ने 17 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर को छकाते हुए चौथी बार रोम मास्टर्स टेनिस टूर्नामेंट का खिताब जीत कर वर्ष के दूसरे ग्रैंड स्लैम फ्रेंच ओपन के लिए अपना दावा मजबूत कर लिया है। जोकोविच ने रविवार को फेडरर को लगातार सेटों में एक घंटे 16 मिनट में 6-4, 6-3 से हराकर पुरुष एकल का खिताब जीत कर फ्रेंच ओपन से पहले इस क्ले कोर्ट टूर्नामेंट में अपनी धमाकेदार चौथी खिताबी जीत दर्ज की।
विश्व के नंबर एक खिलाड़ी जोकोविच का इस सत्र का यह पांचवां खिताब है। जोकोविच ने इस जीत के साथ ही फेडरर के खिलाफ अपना करियर रिकार्ड 19-20 कर लिया है। अपने चौथे रोम मास्टर्स खिताब के साथ जोकोविच एटीपी वर्ल्ड टूर मास्टर्स 1000 खिताब जीतने के मामले में फेडरर से आगे निकल गए है। जोकोविच का यह 24वां मास्टर्स खिताब है और वह विश्व रिकार्डधारी स्पेन के राफेल नडाल के 27 खिताबों से अब तीन कदम पीछे रह गए हैं।
सर्बियाई खिलाड़ी इस वर्ष फरवरी में दुबई टेनिस चैंपियनशिप में फेडरर से हारने के बाद लगातार 22 मैच जीत चुके है और एटीपी रैंकिंग में इस वर्ष शीर्ष 10 खिलाडिय़ों के खिलाफ उनका 14-1 का रिकार्ड हो गया है। उन्होंने आस्ट्रेलियन ओपन में एंडी मरे को इंडियन वेल्स में फेडरर को मियामी ओपन में मरे को और मोंटे कार्लो में टामस बेर्दिच को हराकर इस साल के चार अन्य खिताब जीते थे। इस हार के साथ फेडरर अपने खिताबों के खजाने में एक बार फिर रोम मास्टर्स का खिताब नहीं जोड़ पाए