मुंबई - अगले महीने होने वाले बांग्लादेश दौरे के लिए भारतीय क्रिकेट टीम की घोषणा बुधवार (20 मई) को की जाएगी। भारतीय टीम को इस दौरे पर एक टेस्ट और तीन वनडे की सीरीज खेलनी है। विश्व कप के बाद भारतीय टीम का यह पहला विदेशी दौरा होगा। टीम का चयन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की अखिल भारतीय सीनियर चयन समिति करेगी। इसके बाद बीसीसीआई के सचिव अनुराग ठाकुर और चयन समिति के अध्यक्ष संदीप पाटिल इसकी घोषणा करेंगे।
भारतीय टीम सात जून को बांग्लादेश पहुंचेगी। टेस्ट 10 जून से फातुल्लाह खान साहेब ओस्मान अली स्टेडियम में शुरू होगा। तीन वनडे 18, 21 और 24 जून को मीरपुर में खेले जाने हैं। इस बीच, बांग्लादेश ने इसी सीरीज के लिए आज अपनी 23 सदस्यीय संभावित टीम की घोषणा कर दी है। चोट से उबर चुके सलामी बल्लेबाज एनामुल हक और तेज गेंदबाज सफिउल इस्लाम को वापस बुलाया गया है। एनामुल को विश्व कप टीम के लिए भी बांग्लादेश टीम में शामिल किया गया था।
स्कॉटलैंड के खिलाफ मैच के दौरान हालांकि कंधे में चोट के कारण उसे टीम से बाहर होना पडा। पाकिस्तान के खिलाफ हाल में एक टी20 मैच से अंतरराष्ट्रीय करिअर का आगाज करने वाले तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को भी शामिल किया गया है।