मुंबई- यहां खेले गए एकतरफा मुकाबले में मुंबई ने हैदराबाद को नौ विकेट से पीटकर प्लेआफ के दूसरे नंबर पर जगह बना ली। मुंबई ने एक विकेट खोकर 37 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। मुंबई की ओर से पार्थिव पटेल ने सर्वाधिक नाबाद 51 रन की पारी खेली, जबकि लेंडल सिमंस ने 48 रन का योगदान दिया। हैदराबाद की ओर से करनवीर शर्मा ने एकमात्र विकेट लिया। इससे पहले सनराइजर्स की पारी 20 ओवरों में 113 रनों पर सिमट गई। डेल स्टेन 19 रन बनाकर नाबाद रहे।
सनराइजर्स ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पारी के पहले ओवर की अंतिम गेंद पर लसिथ मलिंगा ने शिखर धवन (1) का ऑफ स्टंप उड़ा दिया। मिचेल मेक्लेनघन ने अगले ओवर की पहली गेंद बाउंसर डाली जिस पर कप्तान डेविड वार्नर गेंद को हवा में खेल बैठे और पोलार्ड ने प्वाइंट पर से आकर आसान कैच लपका। 7/2 की विषम स्थिति के बाद स्कोर 23 तक ही पहुंचा था कि मेक्लेनघन ने इयोन मोर्गन (9) को डीप थर्डमैन पर सिमंस के हाथों कैच करवाया। इसके बाद मोइजेस हेनरिक्स और केएल राहुल हैदराबाद की पारी को संभालते हुए दिख रहे थे, लेकिन जे. सुचिथ ने लगातार दो गेंदों पर दो विकेट झटकते हुए सनराइजर्स की हालत पतली कर दी।
उन्होंने हेनरिक्स (11) को विकेटकीपर पार्थिव पटेल के हाथों स्टंप करवाया और अगली गेंद पर नमन ओझा (0) को शर्मा के हाथों कैच करवाया। सनराइजर्स तब गहरे संकट में फंस गया जब हरभजन ने राहुल (25) को बोल्ड किया। आशीष रेड्डी 17 रन बनाने के बाद पोलार्ड की गेंद पर विनय कुमार द्वारा लपके गए। मेक्लेनाघन ने भुवनेश्वर कुमार (0) के रूप में तीसरा शिकार किया जब वे पांड्या द्वारा कवर्स पर लपके गए।