मुंबई - लगता है पिछले साल सुपरहिट मूवी किक में साथ काम करने वाले सलमान खान और जैकलीन फर्नाडीज के बीच सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। इन दिनों सलमान के प्रोडक्शन वेंचर के तहत वर्ष 1983 में आई सुभाष घई की सुपरहिट मूवी हीरो के रीमेक की शूटिंग चल रही है। सलमान ने जैकलीन से विशेष तौर पर आग्रह किया था कि वे इस फिल्म में एक आइटम सोंग करें और दोस्ती के नाते जैकलीन ने इसकी हां भी भर दी। लेकिन अब सुनने में आया है कि यह आइटम नंबर नहीं होगा।
कहा जा रहा है कि फिल्ममेकर्स का मानना है कि फिल्म में इस गाने की कोई जरूरत नहीं है। इसके बगैर भी सब ठीक है। हीरो में आदित्य पंचोली-जरीना वहाब के बेटे सूरज पंचोली व सुनील शेट्टी की बेटी अथिया शेट्टी को लांच किया जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि जैकलीन को सूरज के साथ गाने पर परफॉर्म करना था और इसकी अच्छी-खासी रिहर्सल भी हो गई थी। लेकिन फिल्म के डायरेक्टर निखिल आडवाणी और निर्माताओं ने इस गाने पर कैंची चला दी। उनका मानना था कि यह गाना शामिल करने से फिल्म की अवधि बढ जाएगी। निखिल को कल हो ना हो, पटियाला हाउस व डी डे जैसी फिल्मों का अनुभव है।