मुंबई - पूर्व चैंपियन मुंबई इंडियंस की मौजूदा स्थिति आईपीएल में इस समय बेहद ही नाजुक है और गुरुवार को वह अपने घरेलू मैदान पर गत चैंपियन कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ करो या मरो के मुकाबले में उतरेगा, जबकि विपक्षी टीम के पास अंकतालिका में शीर्ष पर पहुंचने का मौका रहेगा। आखिरी पड़ाव में पहुंच चुके टूर्नामेंट में फिलहाल हर टीम का समीकरण काफी उलझा हुआ है।
मुंबई फिलहाल 12 मैचों में छह जीत और छह हार के साथ 12 अंक लेकर छठे स्थान पर है और उसके पास अब बचे हुए मैचों में जीत के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है । इसके साथ बाकी टीमों की हार जीत भी उसकी स्थिति में फर्क डाल सकती है। पिछला मैच अपने मैदान पर हार चुकी मुंबई यदि गुरुवार को भी मैच गंवा देती है तो उसकी प्लेऑफ की उम्मीदें पूरी तरह धूमिल हो सकती है, जबकि गत चैंपियन केकेआर 12 मैचों में सात जीतकर 15 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है।
चेन्नई पिछला मैच हार चुकी है और 16 अंकों के साथ शीर्ष पर है और यदि कोलकाता अगले मैच में मुंबई को हराती है तो वह 17 अंकों के साथ शीर्ष पर होगी। ऐसे में उलझे हुए समीकरणों के बीच मुंबई को अपने घर में हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। पिछले मैच में बंगलूर ने इसी मैदान पर 39 रन से पराजित किया था, जबकि कोलकाता ने किंग्स इलेवन पंजाब पर एक विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की थी। केकेआर यदि मुंबई को हराता है तो यह उसकी लगातार चौथी जीत भी होगी जो प्लेऑफ में पहुंचने की उसकी उम्मीदों को और मजबूत कर देगी। ऐसे में वानखेड़े स्टेडियम में दोनों ही टीमें जीत के लिए बेकरार होंगी।