दुबई - आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में भारतीय टीम तीन स्थान की छलांग लगाकर चौथे स्थान पर लौट आई है। भारत को टेस्ट रैंकिंग में इंग्लैंड और पाकिस्तान के गिरने का फायदा मिला है। आईसीसी ने सोमवार को टेस्ट रैंकिंग सूची जारी की जिसमें भारतीय टीम 99 रेटिंग अंकों के साथ चौथे स्थान पर काबिज है। दक्षिण अफ्रीका 130 अंकों के साथ शीर्ष पर मौजूद है। 108 अंकों के साथ आस्ट्रेलिया दूसरे नंबर पर बनी हुई है।
बांगलादेश के साथ टेस्ट सीरीज 1-0 से जीतने के बावजूद पाकिस्तान को तीन स्थान का झटका लगा है और वह 97 अंकों के साथ छठे नंबर पर पहुंच गया है। वहीं वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज ड्रा रहने के बाद इंग्लैंड 97 अंकों के साथ ही पांचवें स्थान पर काबिज है। तीसरे नंबर पर काबिज न्यूजीलैंड के भी भारत के बराबर 99 अंक हैं लेकिन वह दशमलव गणना के आधार पर भारत से आगे है।
तीसरे नंबर पर मौजूद न्यूजीलैंड और सातवें स्थान की टीम श्रीलंका के बीच केवल तीन रेटिंग अंक का अंतर है। इससे आने वाले दिनों में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेंगे। 39 रेटिंग अंकों के साथ बंगलादेश नौवें और सबसे निचले दसवें पायदान पर मौजूद जिम्बाब्वे के कुल पांच रेटिंग अंक हैं।