मुंबई – बॉलीवुड के सुपर स्टार सलमान खान को हिट एंड रन केस में मुंबई की सत्र अदालत ने गैर इरादतन हत्या का दोषी पाया है। जस्टिस डी डब्ल्यू देशपांडे ने उनको पांच साल की सजा सुनाई है। आज सलमान के साथ उनके माता-पिता व भाई बहन भी मौजूद थे। लेकिन हमेशा न्याय के पक्ष में खड़े होने वाला बॉलीवुड इस समय इस फैसले को लेकर किसी भी तरह की टिप्पणी करने से कन्नी काट रहा है और बॉलीवुड के कुछ सितारे सिर्फ सलमान खान के लिए दुआ कर रहे हैं। न्याय की बात करने वाला बॉलीवुड इस समय खामोश है।
अदालत ने माना कि सलमान ही शराब पीकर गाड़ी चला रहे थे और उनके पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं था। अदालत ने इस मामले का फैसला सुनाते हुए दिल्ली के बीएमडब्ल्यू निखिल नंदा और अलीस्टेयर परेरा मामले का अनुसरण करते हुए सलमान को दोषी ठहराया। अदालत ने सलमान से पूछा कि फैसले पर उन्हें क्या कहना है तो सलमान ने आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि हादसे के वक्त वह कार नहीं चला रहे थे।
यह मामला 28 सितंबर 2002 की रात को सलमान की टोयोटा लैंड क्रूजर बांद्रा के उपनगरीय इलाके में पटरी पर सोए लोगों को कुचलती हुई एक बेकरी में घुस गई थी, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार अन्य घायल हुए थे। बांद्रा के मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट, जिसने सलमान के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने के हलके आरोप में सुनवाई की थी, जिसमें अधिकतम दो साल की सजा का प्रावधान है, ने 2012 में गैर इरादतन हत्या के अधिक गंभीर आरोप के साथ मामला सत्र अदालत को भेज दिया, जिसमें 10 साल तक की सजा हो सकती है।